अमृतसर। पंजाब सरकार द्वारा भीख मांग रहे बच्चों के संदिग्ध मामलों की जांच के लिए डीएनए टेस्ट कराने की घोषणा के बाद पुलिस ने भिखारियों की धरपकड़ तेज कर दी है। पुलिस ने गुरुवार को गोल्डन क्षेत्र में भीख मांग रहे पांच बच्चों और छह महिलाओं को हिरासत में लिया। वहीं, मोहाली में चाइल्ड वेलफेयर आफिसर नवप्रीत कौर की अगुआई में पुलिस टीम ने भीख मांग रहे 12 बच्चों को हिरासत में लिया है। बच्चों और महिलाओं को बाल सुधार गृह में रखा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, इन बच्चों के माता-पिता का दावा करने वालों से सुबूत मांगे गए हैं। यदि माता-पिता कोई सुबूत नहीं दे पाते हैं, तो बच्चों का डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा। अमृतसर में बाल भिक्षुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां के पाश क्षेत्रों में कई महिलाएं ऐसी हैं, जिनकी गोद में बच्चे हैं, जो किसी भी तरह से उनके नहीं लगते।







