Home » सोशल साईट पर दोस्ती फिर युवती ने ब्लैकमेल कर रूपए ऐंठने का किया प्रयास, तीन गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

सोशल साईट पर दोस्ती फिर युवती ने ब्लैकमेल कर रूपए ऐंठने का किया प्रयास, तीन गिरफ्तार

चांपा-जांजगीर। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवकों को जाल में फंसाकर उनसे फोटो-वीडियो मंगवाकर बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर अवैध रूप से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। थाना चांपा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक ऐसे ही मामले में तीन आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा है। पूरे मामले में एक्सटार्शन का एंगल साफ तौर पर सामने आया है।

मामला थाना चांपा क्षेत्र के एक 18 वर्षीय युवक से जुड़ा है, जो बीते कुछ दिनों से गुमसुम रह रहा था। वह न तो ठीक से खाना खा रहा था और ना किसी से बातचीत कर रहा था। उसके व्यवहार में आए अचानक बदलाव को देखकर उसके माता-पिता को चिंता हुई। जब उन्होंने पूछताछ की तो युवक फफक कर रो पड़ा और जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला था। मामला पुलिस तक पहुंचा तो तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। युवती से मिली जानकारी के आधार पर मोहल्लेवासी मेन रोड पर पहुंचे तो वहां पहले से एक स्कूटी में एक लड़क़ा और दूसरी युवती खड़े मिले। जब स्थानीय लोगों ने पूछताछ की, तो उन्होंने स्वीकार किया कि वे युवक से 20,000 रुपए वसूलने आए थे। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन मिंज (26 वर्ष), निवासी दूगरबहार, थाना बागबहार, जिला जशपुर (हाल निवास बोबीपारा, अप्पू गार्डन, सीएसईबी चौक, कोरबा) और दो युवतियां शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त कर तकनीकी साक्ष्य इकट्ठा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मामले की विवेचना जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसी तरह के और मामले तो सामने नहीं आए हैं या अन्य युवाओं को भी इस गिरोह ने निशाना बनाया है। बहरहाल, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से बातचीत करते समय सतर्क रहें और किसी भी तरह के निजी फोटो या वीडियो साझा न करें। ऐसा करने से ब्लैकमेलिंग और हनी ट्रैप जैसे अपराधों का शिकार होने की संभावना बढ़ जाती है। लगातार वसूली की धमकियां मिलने से परेशान होकर युवक ने मोबाइल बंद कर दिया तो 12 जुलाई को चांपा जाकर आरोपियों ने युवक से रकम वसूलने की योजना बनाई।

इस दिन एक युवती चांपा स्थित उसके घर के पास पहुंची और युवक के बारे में पूछताछ करने लगी। इत्तेफाक से वह लड़क़े के पिता से उसके बेटे का पता पूछा तो पिता को उस पर शक हुआ। जब पिता ने पूछा कि क्या काम है, तो उसने कहा कि सहेली ने गिफ्ट भेजा है। जब पिता ने गिफ्ट दिखाने को कहा तो युवती गाली-गलौज पर उतर आई और अपशब्द कहने लगी।

खुद को पहचान बताने पर युवक के पिता को धमकाते हुए वह भागने लगी, लेकिन मोहल्ले के लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया। पीड़ित की सोशल मीडिया पर कोरबा निवासी एक युवती से पहचान हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे वीडियो कॉल और चैटिंग तक पहुंच गई। इसी दौरान युवती के कहने पर उसने कुछ निजी फोटो और वीडियो उसे भेज दिए। इसके बाद युवती और उसके साथियों ने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और पैसे मांगने शुरू कर दिए। इसी कड़ी में युवक से फिर 20 हजार रुपए की डिमांड की। जब उसने मना किया तो उसके फोटो और वीडियो को वायरल करने की फिर धमकी दी गई।

Search

Archives