रतनपुर। सोमवार की रात छत्तीसगढ़ के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बारीडीह में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। तेज रफ्तार एक हाईवा वाहन ने सड़क पर बैठे 17 गौवंशों को कुचल डाला, जिसमें सभी 17 गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। यह दुर्घटना देर रात लगभग 11 बजे नंदलाल पेट्रोल पंप के पास हुई। जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवा की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक ने ब्रेंक तक नहीं लगाया। सामने खड़ी मवेशियों की कतार को देखकर भी चालक ने कोई सावधानी नहीं बरती और बेरहमी से सभी गौवंशों को रोंदता हुआ वाहन लेकर आगे बढ़ गया। घटना के तुरंत बाद कई गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कुछ घायल घंटों तक सड़क पर तड़पती रहीं। यह मंजर देखने वालों की आंखें नम हो गई। लोगों में नाराजगी देखी गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर कई। मवेशियों की जान जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने अब तक कोई स्थायी कदम नहीं उठाया है। ट्रैफिक व्यवस्था भी दुरूस्त नहीं किया गया और न ही पशुओं के आश्रय व सुरक्षात्मक उपाय किए गए।
ग्रामीणों की मांग है कि दुर्घटना स्थल पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले लाए और दोषी चालक पर कठोर कार्यवाही की जाए। गौवंशों की सुरक्षा हेतु गोशाला की व्यवस्था, सड़क किनारे चेतावनी बोर्ड और गति सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन ने हादसे की पुष्टि की है। घायल मवेशियों का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हाईवा चालक की तलाश जारी है। यह केवल दुर्घटना नहीं बल्कि हमारी संवेदनहीनता का दर्पण बनकर सामने आई है। इंसानियत तब बचेगी जब हम उन प्रणालियों के जीवन की भी उतनी ही कद्र करेंगे जो बोल नहीं सकते, लेकिन पीड़ा पूरी तरह महसूस कर सकते हैं।







