तिरुवल्लूर। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर रेलवे स्टेशन पर भयानक हादसा हो गया। डीजल से भरी एक मालगाड़ी में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग कई बोगियों तक फैल गई, जिसमें से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। इस घटना से पूरे स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक मालगाड़ी डीजल या कच्चा तेल लेकर चेन्नई के एननूर से मुंबई की ओर जा रही थी, तभी सुबह करीब 5 बजे इगट्टूर के पास ये हादसा हुआ। आग की वजह से चेन्नई-अरक्कोणम रेल मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कई एक्सप्रेस ट्रेनें बीच रास्ते में अटक गईं, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुआं दिखाई दे रहा था। कुछ लोगों ने तेज धमाके की आवाज भी सुनी, जिससे आशंका है कि डिब्बों के पटरी से उतरने के बाद डीजल रिसाव हुआ और किसी चिंगारी ने आग को भड़का दिया। तिरुवल्लूर जिला प्रशासन ने आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और सांस की तकलीफ वाले लोगों को घर में रहने की सलाह दी। रेलवे ने सुरक्षा के लिए ओवरहेड बिजली आपूर्ति बंद कर दी है, जिससे लोकल ट्रेन सेवाएं भी ठप हैं। रेलवे अधिकारी और फॉरेंसिक टीमें हादसे की जांच में जुट गई हैं। शुरुआती जांच में डिब्बों के पटरी से उतरने को आग की वजह माना जा रहा है, लेकिन सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू हो गई है।







