कबीरधाम। सोमवार को पांडातराई थाना पुलिस ने ठगी के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। युवक ने गुड़ फैक्ट्री संचालन के नाम पर लाखों रुपए की ठगी की है। पांडातराई थाना प्रभारी टीआई कमलाकांत शुक्ला ने बताया कि प्रार्थी उमेश कुमार चंद्रवंशी, निवासी पलानसरी ने 23 जून2025 को थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने अपने आवेदन में बताया कि वर्ष 2024 में रविन्द्र कुमार नामक व्यक्ति, निवासी कसोली, थाना चरथावल, जिला मुजफ्फरनगर (यूपी) ने जय भोले गुड़ फैक्ट्री के संचालन के लिए यूपी से मजदूर लाने के नाम पर 3लाख 20 हजार रुपए ली।
इसके बाद न तो मजदूर भेजे और न ही रुपए वापस किया। मामले में पुलिस ने धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता दर्ज किया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों से धोखाधड़ी की है, जिसमें गोपाल साहू ग्राम कोयलारी कापा से 3 लाख रुपए, रूद्र चंद्रवंशी ग्राम भगतपुर से 2.50लाख रुपए, राजेश चंद्रवंशी, ग्राम डोगरिया कला से 90 हजार रुपए कुल 9 लाख 60 हजार रुपए की ठगी कर फरार हो गया।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पुनः इसी प्रकार की ठगी के प्रयास में कवर्धा क्षेत्र में आया है। टीम ने त्वरित दबिश देकर ग्राम पलानसरी से आरोपी रविन्द्र कुमार 35 वर्ष को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसे विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से रिमांड पर जेल भेजा गया।







