बिलासपुर। थाना सकरी क्षेत्र में हुई सोने व नगदी की बड़ी चोरी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कुछ घंटे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला, उसका भाई और एक सर्राफा कारोबारी शामिल है।
आरोपियों के पास से चोरी गए जेवर और नगदी सहित कुल 2,01,931 रूपए की संपत्ति बरामद की है। घटना 17 जून की है, जब आसमा कॉलोनी निवासी रजनी सिंह ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी आलमारी से सोने की चेन, मंगलसूत्र, बाली और 11 हजार रूपए नगद चोरी हो गए हैं। रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य ने वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर एक टीम गठित की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर घर में काम करने वाली नौकरानी दुर्गेश्वरी वर्मा से पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर दुर्गेश्वरी ने चोरी की बात स्वीकार की। बताया कि उसने जेवर अपने भाई हरिशंकर कश्यप की मदद से ग्राम मोहतरा कुर्मी निवासी सर्राफा व्यवसायी विनोद सोनी को बेच दिया है। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे चोरी गए सोने के जेवर और नगदी बरामद कर लिया। पुलिस ने दुर्गेश्वरी वर्मा 23 वर्ष हरिशंकर कश्यप 25 वर्ष निवासी अटल आवास सकरी तथा विनोद सोनी 62 निवासी मोहतरा कुर्मी थाना लालापुर जिला मुंगेली को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रदीप आर्य, सउनि राजकुमार वस्त्रकार, आरक्षक अफाक खान, रूपेश कौशिक, मालती तिवारी व कीर्तन पोर्ते की प्रमुख भूमिका रही।







