Home » फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर नाबालिग से अभद्रता, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर नाबालिग से अभद्रता, आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर थाना क्षेत्र की नाबालिग से सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर आपत्तिजनक व्यवहार करने के मामले में जशपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने शिकायत की थी कि “नैंसी प्रिया” नामक एक फेसबुक आईडी से उसके और उसकी बहन के फोटो अपलोड कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा था। साथ ही, एक अज्ञात मोबाइल नंबर से बार-बार कॉल कर उसे परेशान किया गया, जिससे वह मानसिक रूप से असहज महसूस कर रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर नारायणपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75, 78, 79, 351(2), पॉक्सो अधिनियम की धारा 11 एवं 12 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस की तकनीकी टीम ने जांच के दौरान फेसबुक आईडी और मोबाइल नंबर को ट्रेस कर आरोपी की पहचान कांसाबेल निवासी 24 वर्षीय रोहित मिंज के रूप में की। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी ज़ब्त किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है। इस तरह के अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Search