जांजगीर-चांपा। श्रीकृष्णा इंफ्रा डेवलपर फर्म में ड्राइवर के रूप में काम करने वाला युवक मालिक की कार चुराकर फरार हो गया। घटना का खुलासा महज कुछ घंटों में चांपा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई से हो गया।
प्रार्थी पवन कुमार सोमानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कि उनकी टाटा हेक्सा कार सीजी 11 एपी 7788 जो 9 जून की रात गुरूद्वारा के सामने से चोरी हो गई है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में तत्काल जांच शुरू हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। साइबर सेल ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और फर्म के कर्मचारियों से पूछताछ करक संदिग्धों की सूची बनाई। जांच में पूर्व ड्राइवर दिपांशु लहरे 19 वर्ष निवासी किसान परसदा मस्तुरी बिलासपुर का नाम सामने आया, जो घटना के बाद से गायब था। तकनीकी साक्ष्य व फुटेज के आधार पर आरोपी को जयरामनगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की। उसने बताया कि कार से पैसा कमाने की नीयत से उसने गाड़ी की चोरी की और नंबर प्लेट को छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 लाख की कार बरामद की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता, साइबर प्रभारी सागर पाठक समेत पुलिस व साइबर टीम का सराहनीय योगदान रहा।







