सुकमा। थाना जगरगुण्डा क्षेत्रान्तर्गत सक्रिय 3 हार्डकोर ईनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार 2 नक्सली पर छग शासन द्वारा पद के अनुरूप 8-8 लाख एवं 1 नक्सली पर 5 लाख कुल 21 लाख रूपए का इनाम घोषित है । वर्ष 2024 में जगरगुण्डा क्षेत्रान्तर्गत 1 शिक्षादूत को मिटिंग में बुलाकर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर हत्या करने की घटना शामिल रहे है। तीनों नक्सलियों के विरूद्ध घटना के संबंध में थाना जगरगुण्डा में पूर्व से हत्या का प्रकरण दर्ज है।
गिरफ्तार सभी नक्सली थाना जगरगुण्डा क्षेत्र के ग्राम गोंदपल्ली के निवासी हैं। नक्सलियों को गिरफ्तार करने में थाना जगरगुण्डा पुलिस बल एवं 165 वाहिनी सीआरपीएफ की संयुक्त कार्यवाही रही है। जिला सुकमा में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है, अभियान के दौरान ग्राम गोंदपल्ली की घेराबंदी कर थाना जगरगुण्डा के प्रकरण में फरार चल रहे 3 हार्डकोर नक्सलियों को जो क्रमश: 1. डोडी पोदिया उर्फ प्रकाश ईनामी 08 लाख, 36 वर्ष , 2. डोडी पाण्डू पिता स्व. सोमा ईनामी 8 लाख, 3. डोडी नंदू पिता डोडी मंगडू (एओबी पार्टी सदस्य/पीपीसीएम ईनामी 5 लाख ) को पकड़ा गया।
पकड़े गये तीनों आरोपियों के द्वारा जगरगुण्डा क्षेत्रान्तर्गत 13 सितंबर 2024 को ग्राम गोंदपल्ली के शिक्षा दूत को ग्रामीणों की बैठक लेकर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर लकड़ी के डण्डे से पीट-पीटकर गले में रस्सी डालकर गला घोटकर हत्या करने की घटना में अन्य नक्सलियों के साथ शामिल रहे हैं। घटना के संबंध में पूर्व से थाना जरगुण्डा में अपराध क्रमांक 24/2024 धारा 190, 191(2), 140, 103 (1) भारतीय न्याय संहिता, 25 आर्म्स एक्ट, 38, 39, 16 (क) विधि विरूद्ध क्रिया कलाप (निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध है।
उपरोक्त घटना में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय दंतेवाड़ा के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमाण्ड मिलने पर जेल भेजा गया। इसके अतिरिक्त गिरफ्तार तीनों हार्डकोर नक्सली थाना जगरगुण्डा, चिंतलनार एवं चिंतागुफा क्षेत्रान्तर्गत घटित नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। जिनके विरूद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जायेगी







