Home » घरेलू विवाद में महिला की हत्या, लोहे की पाइप से सिर पर वार कर पति ने ली जान, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

घरेलू विवाद में महिला की हत्या, लोहे की पाइप से सिर पर वार कर पति ने ली जान, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। थाना सकरी के अंतर्गत ग्राम बड़े बिनौरी में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की हत्या कर दी गई। आरोपी जितेन्द्र सिंह ध्रुव ने अपनी पत्नी लच्छन बाई 32 वर्ष के सिर पर लोहे के पाईप से हमला कर उसकी जान ले ली।

घटना के संबंध में मृतका की छोटी बहन रमा बाई ध्रुव ने थाना सकरी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार रमा बाई की शादी लगभग 10-11 दिन पूर्व गांव के ही राजू सिंह ध्रुव से हुई थी, जो आरोपी जितेन्द्र सिंह ध्रुव का छोटा भाई है। रमा बाई अपनी बड़ी बहन लच्छन बाई और अपने पति व जेठ के साथ बड़े बिनौरी गांव में एक ही घर में रहती थी। 7 मई की दोपहर करीब 12.30 बजे लच्छन बाई और उसका 10 वर्षीय बेटा आदित्य सिंह लकड़ी काटकर घर लौटे। घर पहुंचने पर लच्छन बाई ने बेटे को नहाने के लिए डांटा, जिससे जितेन्द्र नाराज हो गया। उसने पत्नी से झगड़ा शुरू कर दिया। अचानक गुस्से में आकर मार दूंगा कहते हुए कमरे से लोहे का पाइप उठा लाया। लच्छन बाई अपनी जान बचाने के लिए घर से भागकर सड़क की ओर दौड़ी, लेकिन जितेन्द्र उसके पीछे भागा। जब वह आंगनबाड़ी के सामने आम रोड पर पहुंची तो आरोपी ने लच्छन के सिर पर दो से तीन बार लोहे के पाइप से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल लच्छन बाई जमीन पर गिर पड़ी। उसके सिर से काफी खून बह गया।

घटना को लच्छन बाई का बेटा आदित्य सिंह अपनी आंखों से देख रहा था। उसकी चीख पुकार सुनकर गांव के लोग सहित अन्य पड़ोसी मौके पर पहुंचे। सबने मिलकर घायल लच्छन को घर लाया, लेकिन थोड़ी ही देर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना सकरी पुलिस को दी गई। पुलिस निरीक्षक रविन्द्र अनंत, थाना प्रभारी सकरी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और रमाबाई की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 103 भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

Search

Archives