Home » IPL से बाहर होने वाली पहली टीम बनी CSK, पथिराना को लेकर चेन्नई कोच का बड़ा बयान
खेल

IPL से बाहर होने वाली पहली टीम बनी CSK, पथिराना को लेकर चेन्नई कोच का बड़ा बयान

नई दिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आईपीएल 2025  प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है। पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 4 विकेट से हराकर उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। एमएस धोनी की कप्तानी वाली टीम को घर पर लगातार 5 मैचों में हार मिली।

धोनी एंड कंपनी को आईपीएल के प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला हर हाल में जीतना था, लेकिन सीएसके को हार मिली। अब उसके पास लीग में खेलने को 4 मैच बचे हैं। ऐसे में चेन्नई अगर अपने बाकी चारों मैच जीतने में सफल रही तो उसके ज्यादा से ज्यादा 12 अंक ही होंगे। इस समय 5 टीमों के पहले से ही 12 या इससे ज्यादा अंक हैं। आईपीएल ग्रुप के अब 21 मैच बचे हैं। इसके बाद प्लेऑफ के मुकाबले शुरू होंगे।

अय्यर ने चौके-छक्कों की लगाई बौछार-  इस मैच में सीएसके (CSK) के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को खूब मार पड़ी। श्रेयस अय्यर ने उनकी गेंद पर चौके-छक्कों की बौछार लगा दिए।  इस आईपीएल में अब तक पथिराना का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और इसका खमियाजा टीम को उठाना पड़ा है। अब चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने खराब फॉर्म से जूझ रहे पथिराना का बचाव किया है। सिमंस ने कहा कि विरोधी बल्लेबाज अब उनकी गेंदों को समझने लगे हैं और उन्हें बेहतर खेल पा रहे हैं।

पांच बार की चैंपियन चेन्नई बुधवार को आधिकारिक तौर पर आईपीएल के प्लेआफ की दौड़ से बाहर हो गई। चेन्नई के मुख्य कोच ने इससे पहले कहा था कि एक्शन में बदलाव के कारण पथिराना का फॉर्म बिगड़ा है। सिमंस ने मैच के बाद कहा, ‘यह साफ है कि एक्शन में थोड़ा बदलाव हुआ है। यह नहीं कह सकते कि इससे उनकी सटीकता पर असर पड़ा है, लेकिन बल्लेबाज अब उन्हें बेहतर खेल रहे हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ खास तौर पर हमने यह देखा। वे उनकी गेंदों को बखूबी भांपने लगे हैं और बेहतर खेल पा रहे हैं।’

पथिराना का इस सीजन प्रदर्शन- पथिराना ने इस सत्र में आठ मैचों में 10.39 की इकॉनॉमी से नौ विकेट लिए हैं। उन्होंने कई वाइड गेंदें फेंकी। सिमंस ने कहा, ‘उन्हें लगातार सुधार करना होगा। गेंदबाजों और बल्लेबाजों सभी को अपने खेल में सुधार करते रहना होता है।’ उन्होंने कहा कि चेन्नई को मैच जीतने के लिए निर्णायक मौकों पर अधिक चतुराई से खेलना होगा। उन्होंने कहा, ‘हमें बड़े ओवरों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। मैच के अहम क्षणों में हमें अधिक चतुराई से खेलना होगा।’

मैच में क्या हुआ?
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की टीम 19.2 ओवर में 190 रन पर सिमट गई थी। जवाब में पंजाब ने 19.4 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। युजवेंद्र चहल की हैट्रिक के बाद कप्तान अय्यर (72 रन) और प्रभसिमरन सिंह (54 रन) के अर्धशतकों की मदद से पंजाब किंग्स सीएसके को चार विकेट से हराकर तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। सीएसके की टीम लगातार पांचवीं हार के बाद इस सत्र में टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई।

Search