Home » दो माह के मासूम ने पिता को दी अंतिम विदाई, सभी की आंखें हुईं नम, 6 जनवरी को आईईडी ब्लास्ट में शहीद हुए थे सुदर्शन वेट्टी
छत्तीसगढ़

दो माह के मासूम ने पिता को दी अंतिम विदाई, सभी की आंखें हुईं नम, 6 जनवरी को आईईडी ब्लास्ट में शहीद हुए थे सुदर्शन वेट्टी

दंतेवाड़ा। बीजापुर के कुटरू इलाके में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में आठ जवान बलिदान हुए थे। इस हादसे में एक ड्राइवर की भी मौत हो गई थी। यह घटना उस समय हुई जब डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के जवान एक ऑपरेशन से लौट रहे थे। इस भीषण हमले में मौके पर ही सभी जवान बलिदान हो गए जिनमें वाहन चालक भी शामिल था।

घटना इतनी भयावह थी कि शहीद जवानों के शव क्षत-विक्षत हालत में मिले। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और संकल्प लिया कि नक्सलवाद का जड़ से खात्मा किया जाएगा। उन्होंने 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करने का लक्ष्य दोहराया।

दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में शहीद हुए सभी जवानों को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। सलामी के साथ उनकी शहादत को नमन किया गया और यह सुनिश्चित करने की प्रतिज्ञा ली गई कि उनकी कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी।

इस दौरान मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला दृश्य सामने आया, जहां शहीद जवान सुदर्शन वेट्टी के अंतिम संस्कार में उनके दो महीने के मासूम बेटे ने पिता को अंतिम विदाई दी। इस दौरान मौजूद हजारों लोगों की आंखें नम हो गई थीं। हर कोई गमगीन था।

Search