अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के रामानुज नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी 19 वर्षीय एक युवती से गैंगरेप की घटना सामने आई है। युवती 12 अक्टूबर को दशहरे का मेला देखने घर से निकली थी। इसी बीच परिचित युवक उसे अपने साथ ले गया और धाखे से नशीली दवा खाने को दी। नशीली दवा खाते ही युवती बेहोशी की हालत में आ गई। इस दौरान युवक और उसके 3 अन्य साथियों ने उससे गैंगरेप किया। युवती ने जब इसका विरोध किया तो चारों ने उससे जमकर मारपीट भी की। वे युवती को मरा समझकर फरार हो गए। युवती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है।
पूर्व डिप्टी सीएम ने की पहल
युवती के साथ गैंगरेप की खबर जब प्रेमनगर के पूर्व विधायक खेल साय सिंह तक पहुंची तो उन्होंने पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव को सूचना दी। टीएस सिंह देव ने आईजी अंकित गर्ग से बात की। इसके बाद पुलिस ने 14 अक्टूबर को एक नामजद समेत 4 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया भर्ती
पूर्व डिप्टी सीएम की पहल पर गैंगरेप पीड़िता को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यहां भी उसे करीब 2 घंटे तक स्ट्रेचर पर ही रखा गया, जबकि उसके शरीर में कई जगह पर चोट के निशान थे।
इधर सिंहदेव के कहने पर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार की रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा। उन्होंने स्ट्रेचर पर लेटी पीड़िता को देख आपत्ति जताई, तब अस्पताल प्रबंधन द्वारा उसे बेड पर लिटाकर इलाज शुरू किया गया।
आंदोलन की दी गई चेतावनी
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने गैंगरेप के चारों आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि आरोपी जल्दी नहीं पकड़े गए तो वह उग्र आंदोलन करेंगे।
पीड़िता ने प्रतिनिधिमंडल से बताई ये बातें
कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल से गैंगरेप पीड़िता ने बताया की 12 अक्टूबर को घर से दशहरे का मेला देखने निकली थी। इसी दौरान उसके साथ स्कूल में पढ़ चुके युवक ने उसे अपने साथ चलने को कहा और एक दवा खिलाई। दवा खाते ही वह बेहोशी की हालत में आ गई। इस दौरान युवक के 3 दोस्त भी साथ में थे। फिर उन्होंने उससे जबरदस्ती शुरू कर दी, जब उसने विरोध किया तो उससे मारपीट की गई। फिर उसके साथ दरिंदगी की गई।







